मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में सोमवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। रीवा से नागपुर जा रही स्लीपर कोच बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे 12 से अधिक यात्री घायल हो गए।
पड़हा के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार विजयंत ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस (एमपी 09 एक्यू 3344) सोमवार रात रीवा से यात्रियों को लेकर नागपुर जा रही थी। रात करीब 10 बजे बस राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर अमरपाटन थाना क्षेत्र के पड़हा गांव के पास कुछ यात्रियों को उतारने के लिए रुकी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
12 से अधिक घायल, पांच की हालत गंभीर
हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें अशोक द्विवेदी, बलराम पांडेय, शांति देवी साकेत, सुनील कुमार, नील मिश्रा, शुभम विश्वकर्मा, रामजी विश्वकर्मा, विनय कुमार पटेल, आरती यादव, अनिल कुशवाहा सहित ट्रक चालक विजय प्रताप घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात कराया बहाल
हादसे की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया।
गुजरात जा रहा था ट्रक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस को टक्कर मारने वाला ट्रक माल लेकर गुजरात जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
NH-30 पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार बेला से मैहर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बीते कुछ समय से सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है। ऐसे में हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के सख्ती से पालन की मांग तेज हो रही है।