छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। शरीर में सात फ्रैक्चर और जांघ की हड्डी दो जगह से टूटने के बावजूद डॉक्टरों ने आधुनिक तकनीक से मरीज की हड्डियां जोड़ दीं।
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था युवक
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. निर्णय पाण्डेय ने बताया कि उमरिया इसरा निवासी 25 वर्षीय अरविंद यादव 14 जुलाई को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसके शरीर में कुल सात फ्रैक्चर हुए थे। सबसे गंभीर चोट जांघ की हड्डी (फीमर) में थी, जो दो अलग-अलग स्थानों से टूट गई थी।
छोटे चीरे और आधुनिक तकनीक से हुई जटिल सर्जरी
डॉक्टरों की टीम ने सोमवार को करीब ढाई से तीन घंटे तक चले ऑपरेशन में सी-आर्म मशीन की मदद से अत्यंत छोटे चीरे लगाकर सभी फ्रैक्चर का सफल इलाज किया। जांघ की हड्डी के दोनों फ्रैक्चर भी आधुनिक तकनीक के जरिए जोड़ दिए गए।
डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की हालत अब सामान्य है।
प्रधानमंत्री राहत योजना से मिला मुफ्त इलाज
ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाली रॉड और प्लेट का पूरा खर्च प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत वहन किया गया। इससे मरीज को महंगा इलाज पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा सका।
इन डॉक्टरों ने किया सफल ऑपरेशन
इस जटिल सर्जरी का मार्गदर्शन डॉ. रवि टांडेकर ने किया। ऑपरेशन टीम में डॉ. निर्णय पाण्डेय, डॉ. आशुतोष सूर्यवंशी, डॉ. अभय सोनी, डॉ. टिकेन्द्र साहू, ओटी सिस्टर रोशनी पाल, निश्चेतना विभाग से डॉ. अश्विनी पटेल, डॉ. निकिता, डॉ. अरुण, चिंतामण दौड़के, ओटी इंचार्ज विमला राउत, मंगला वंधे सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।