सतना। जिले के मझगवां ब्लॉक के तराई क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन और सीमेंट ग्रेड लेटराइट- बाक्साइट की कथित चोरी अब हिंसक संघर्ष का रूप लेती दिखाई दे रही है। लगातार बढ़ रहे विवादों के बीच बीते 5 दिनों में मारपीट की चार घटनाएं सामने आई हैं। सभापुर और धारकुंडी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर 11 आरोपियों के खिलाफ 13 जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। सभी मामलों में काउंटर केस भी कायम किए गए हैं।
कार रोककर की मारपीट, हाथ टूटा और मोबाइल ले जाने का आरोप
सभापुर थाना क्षेत्र के कलबलिया स्थित ग्वालियन दाई के पास बुधवार को 33 वर्षीय अनित कुमार पांडेय निवासी करही कला (कोटर) के साथ मारपीट की घटना हुई। पीड़ित का आरोप है कि अंबुज सिंह निवासी झलवार (रीवा), रवि सिंह निवासी कोटर और एक अन्य युवक ने उनकी कार रोककर लाठी-डंडों से हमला किया।
अनित पांडेय के अनुसार हमले में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार (एमपी-19-सीसी-9042) के शीशे तोड़ दिए, मोबाइल और कार की चाबी भी ले गए तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 296बी, 324(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
9 घंटे बाद दर्ज हुआ काउंटर केस
पहले मामले के लगभग 9 घंटे बाद अंबुज सिंह की शिकायत पर सभापुर पुलिस ने अनित पांडेय उर्फ नीतिन पांडेय के खिलाफ भी काउंटर एफआईआर दर्ज की। शिकायत में वाहन में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में बीएनएस की धारा 296बी, 324(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
धारकुंडी में भी हो चुकी है झड़प
इससे पहले 19 जून की सुबह धारकुंडी थाना क्षेत्र के बिजहरी तिराहा में भी दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। रवि प्रताप सिंह की शिकायत पर विवेक सिंह, विनय सिंह, अमित पांडेय और अमित सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं विवेक सिंह की शिकायत पर रवि प्रताप सिंह, कुलदीप सिंह समेत अन्य के खिलाफ भी काउंटर केस दर्ज हुआ।
अवैध उत्खनन को बताया जा रहा विवाद की जड़
स्थानीय जानकारों का आरोप है कि मझगवां, बिरसिंहपुर और कोटर तहसील क्षेत्र में सरकारी और निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध खनिज उत्खनन हो रहा है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रहे विवादों के बावजूद जिला खनिज विभाग और राजस्व अमले की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
पुलिस का क्या कहना है?
एडिशनल एसपी (ग्रामीण) प्रेमलाल कुर्वे ने कहा कि शिकायत और प्रथम दृष्टया मिले तथ्यों के आधार पर मामले दर्ज किए गए हैं। विवेचना के दौरान घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।