अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज हो गई है। विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। इनमें चढ़ावा गिनने की प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने चढ़ावा गिनने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एफआईआर में आरोपियों पर चोरी, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दान राशि के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि चढ़ावा गिनने और उसकी निगरानी की व्यवस्था में कई खामियां थीं। इससे पहले एसआईटी अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप चुकी है, जिसमें दान राशि के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए थे।
इस मामले में जांच अभी जारी है और एसआईटी अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, जांच का दायरा और बढ़ सकता है तथा आगे और लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।