पेड़ा बांटने के आदेश, स्कूल में बांटे लड्डू: जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि

जबलपुर। डिजिटल डेस्क

जबलपुर जिले के चरगवां स्थित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मिठाई वितरण और अन्य खर्चों को लेकर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने प्रभारी प्राचार्य भगवान सिंह पटेल के खिलाफ कार्रवाई के लिए संभागायुक्त को पत्र भेजा है। मामले में पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद प्रकरण आगे बढ़ाया गया।

सांची के पेड़ों की जगह बांटे लड्डू

शिकायत के अनुसार, राष्ट्रीय पर्व पर विद्यार्थियों को मिठाई वितरित करने के लिए शासन के निर्देशों में सांची के पेड़े बांटने की बात थी। इसके बावजूद विद्यालय में स्थानीय मिष्ठान्न भंडार से लड्डू खरीदकर वितरित किए गए।
जांच रिपोर्ट में बड़कुल मिष्ठान्न भंडार से चाय-नाश्ते के नाम पर लगभग 14,740 रुपये का बिल दर्ज होने और विद्यार्थियों के लिए 80 किलो लड्डू खरीदे जाने का उल्लेख है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि निर्धारित व्यवस्था के बजाय दूसरी मिठाई खरीदकर भुगतान किया गया।

इलेक्ट्रिक दुकान के बिल में टेंट सामग्री का भुगतान

जांच में कुछ बिलों पर तारीख दर्ज नहीं होने और कुछ बिलों का संबंधित कार्य से संबंध स्पष्ट नहीं होने की बात भी सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रिक दुकान के बिल पर टेंट सामग्री के नाम से 30 हजार रुपये का भुगतान दर्शाया गया था।
जांचकर्ता ने इन दस्तावेजों को वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित शिकायत के समर्थन में दर्ज किया। इन भुगतानों की जिम्मेदारी और अंतिम निष्कर्ष पर अब सक्षम प्राधिकारी की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

कर्मचारियों से काम कराकर मजदूरी भुगतान का आरोप

शिकायतकर्ता दुर्गेश चडार, निवासी अहमदपुरा चरगवां, ने आरोप लगाया था कि विद्यालय में आउटसोर्स कर्मचारियों से साफ-सफाई, पुताई और प्लंबिंग जैसे कार्य कराए गए तथा भुगतान सुरक्षा कर्मियों को चेक के माध्यम से किया गया।
शिकायत में नियमित कर्मचारी लीला बाई से गमलों में मिट्टी डालने और पौधों से संबंधित कार्य कराने के बाद उसका भुगतान मजदूरी के रूप में दर्शाने का आरोप भी शामिल था। जांच रिपोर्ट में इन बिंदुओं का उल्लेख किया गया है।

बरेला के प्राचार्य ने की थी जांच

मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की गई थी। इसके बाद सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरेला के प्राचार्य को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया। जांच अधिकारी ने 9 दिसंबर 2024 को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें प्रभारी प्राचार्य भगवान सिंह पटेल के खिलाफ शिकायत प्रमाणित पाई गई।
इसके आधार पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर कार्यालय के अनुसार, जवाब संतोषजनक नहीं मिलने के बाद कार्रवाई के लिए मामला संभागायुक्त को भेजा गया है। अब आगे का निर्णय संभागायुक्त स्तर पर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *