बिजली चोरी से चार्ज हो रहे ई-रिक्शों पर छापा, टीम का लोगों ने किया घेराव

सतना। शहर में बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार रात बिजली कंपनी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ई-रिक्शा चालकों को अवैध रूप से बिजली चोरी कर वाहन चार्ज करते हुए पकड़ा। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने टीम का घेराव कर विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

खूंथी चौराहा क्षेत्र में हुई कार्रवाई

बिजली कंपनी की शहर संभागीय टीम सोमवार रात खूंथी चौराहा क्षेत्र में रात्रिकालीन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान जांच में नजरीन कुरैसी को अवैध बिजली कनेक्शन के जरिए ई-रिक्शा चार्ज करते हुए पकड़ा गया। मौके पर बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज कर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई।

विरोध के बाद बुलानी पड़ी पुलिस

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र के कुछ लोगों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों का घेराव कर विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद हालात सामान्य हुए और बिजली विभाग की टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी की।

दो अन्य ई-रिक्शा भी मिले अवैध कनेक्शन से चार्ज होते

बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान दो अन्य ई-रिक्शा भी अवैध बिजली कनेक्शन से चार्ज होते मिले। इन मामलों में भी नियमानुसार बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान

यह अभियान सिटी डीई मृगेन्द्र सिंह चंदेल के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई में एई राम विनीत वितारी, जेई इसरार अहमद, हरीमन कुशवाहा सहित बिजली विभाग का अमला मौजूद रहा।

रात में जारी रहेगा विशेष अभियान

बिजली कंपनी का कहना है कि शहर में बढ़ रही बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए रात्रिकालीन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *