सतना। विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (VCCI) के अध्यक्ष पद पर सतीश सुखेजा ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संदीप जैन को 243 मतों के अंतर से हराया। सतीश सुखेजा को कुल 599 वोट मिले, जबकि संदीप जैन को 356 मत प्राप्त हुए।
इस चुनाव में मनोहर डिगवानी 319 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अशोक अग्रवाल को 287 और राजेश खत्री को 6 वोट मिले, जबकि 15 मत निरस्त घोषित किए गए। इससे पहले वर्ष 2023 में भी सतीश सुखेजा ने रविशंकर गौरी को 15 वोटों से हराकर पहली बार अध्यक्ष पद हासिल किया था।
पैनल के तीन उम्मीदवार जीते, तीन को मिली हार
सतीश सुखेजा के पैनल के छह प्रमुख उम्मीदवारों में से तीन ने जीत दर्ज की, जबकि तीन को हार का सामना करना पड़ा।
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोहर बाधवानी ने कैलाश अग्रवाल को 375 वोटों से हराया। उन्हें 953 मत मिले।
- कोषाध्यक्ष पद पर अमित अग्रवाल ने कमल पुरुस्वानी को 393 मतों से पराजित किया। अमित को 976 वोट मिले।
- सहमंत्री पद पर हिमांशु सिंह अरोरा ने रोहित अग्रवाल को 485 मतों के बड़े अंतर से हराया और कुल 926 वोट हासिल किए।
महामंत्री, मंत्री और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के परिणाम
महामंत्री पद पर मनोज कटारे ने मौजूदा महामंत्री हरिओम गुप्ता को 243 मतों से हराया। मनोज को 808 वोट मिले।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक जैन ने दीपक अग्रवाल को 392 वोटों के अंतर से हराया और 977 मत प्राप्त किए।
मंत्री पद पर मनोज अरोरा ने अमित चमड़िया को 104 वोटों से पराजित किया। मनोज को कुल 660 मत मिले।
तहसील मुख्यालयों तक होगा चेंबर का विस्तार
जीत के बाद सतीश सुखेजा ने कहा कि यह केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे व्यापारी समाज की जीत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सतना के साथ-साथ मैहर और दोनों जिलों के तहसील मुख्यालयों में भी विंध्य चेंबर के कार्यालय खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विंध्य चेंबर के नए भवन के निर्माण पर काम तेज किया जाएगा और लंबे समय से लंबित आदर्श मार्केट से जुड़े मामलों के समाधान का भी प्रयास किया जाएगा।
सतीश सुखेजा ने कहा कि सभी व्यापारी मिलकर शहर के विकास और व्यापारिक हितों के लिए टीम भावना के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुका है और अब सभी का लक्ष्य व्यापारियों के हित में काम करना होगा।
कार्यकारिणी में इन उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत
14 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में जिन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, उनमें प्रमुख नाम हैं—
- मनोज गुप्ता – 1230 वोट
- जीतेश ठक्कर – 1168
- रोहन ठक्कर – 1093
- संदीप गुप्ता – 1066
- सुधीर अग्रवाल – 1038
- विनोद गेलानी – 1012
- मोहित अग्रवाल – 996
- आलोक नायक – 983
- मुकेश अग्रवाल – 960
- सचिन अग्रवाल – 955
- पीयूष अग्रवाल – 927
- शुभनय जैन – 881
- चंद्रभान दसानी – 877
- कमलेश्वर अग्रवाल – 828