ग्वालियर। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर की जून माह की दान पेटियां खोली गईं तो उनमें सिर्फ नकद चढ़ावा ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की भावनाओं से भरी कई मन्नतों की पर्चियां भी मिलीं। इनमें एक युवक की लिखी पर्ची सबसे ज्यादा चर्चा में रही, जिसमें उसने भगवान शिव के सामने आर्थिक सफलता पाने का अनोखा संकल्प लिया। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार युवक ने अपनी पर्ची में लिखा कि वह जल्द आर्थिक रूप से सफल बनना चाहता है। इसके लिए उसने कई व्यक्तिगत संकल्प लिए हैं। उसने लिखा कि जब तक उसकी मासिक आय 1 लाख रुपये नहीं हो जाती, तब तक वह अनुशासित जीवन जीएगा, बेवजह समय बर्बाद नहीं करेगा और अपने लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान देगा।
दान पेटी में मिलीं कई दिलचस्प मन्नतें
दान पेटी से निकली दूसरी पर्चियों में भी श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी मनोकामनाएं लिखी थीं। एक छात्र ने री-नीट परीक्षा में सफलता और मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रार्थना की। वहीं कई लोगों ने सरकारी नौकरी, परिवार के अच्छे स्वास्थ्य, आर्थिक संकट से मुक्ति और सुख-समृद्धि की कामना भगवान शिव से की।
दान पेटी से मिला लाखों का चढ़ावा
मंदिर ट्रस्ट ने बैंक और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में दान पेटियों की गणना कराई। करीब 20 सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों और डाक विभाग के अधिकारियों की टीम ने चढ़ावे की गिनती की। गणना में मंदिर की दान पेटी से 5,52,580 रुपये नकद, चांदी के नाग-नागिन के जोड़े, कुछ पुराने सिक्के भी प्राप्त हुए। मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि हर महीने बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लिखकर दान पेटी में डालते हैं। ये पर्चियां इस बात का प्रमाण हैं कि आस्था केवल चढ़ावे तक सीमित नहीं होती, बल्कि लोग अपने सपनों, संघर्षों और उम्मीदों को भी भगवान के चरणों में समर्पित करते हैं।