मध्यप्रदेश में इसी माह लागू हो सकती है UCC, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के लालघाटी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देश को दिशा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सोच को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) लागू करने की दिशा में काम कर रही है।

15 दिवसीय जनकल्याण पखवाड़े की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉ. मुखर्जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 15 दिवसीय जनकल्याण पखवाड़े की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत गरीब, जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास, निवेश और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दे रही हैं। औद्योगिक विकास के माध्यम से युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

भोपाल में बनेंगे दो बड़े कन्वेंशन सेंटर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि सतगढ़ी में मध्यप्रदेश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर और स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की आधारशिला रखी जा रही है। इसके अलावा कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास 5 हजार सीट क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी तैयार किया जा रहा है। सतगढ़ी में बनने वाले नए सेंटर में 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।

रक्षा उत्पादन का नया केंद्र बनेगा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रक्षा उपकरण, मिसाइल और अन्य आधुनिक हथियारों का निर्माण किया जाएगा। विशेष रूप से चंबल क्षेत्र में रक्षा उद्योग के विस्तार से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक रवीन्द्र यति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *