सतना। ऑनलाइन गेमिंग कारोबार से जुड़ी तीन फर्मों पर सेंट्रल जीएसटी जबलपुर की एंटी एवीजन ब्यूरो (AEB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ दबिश दी है। प्रारंभिक जांच में करीब 300 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का अनुमान लगाया गया है। कार्रवाई के दौरान संचालकों से एक करोड़ रुपये की राशि भी जमा कराई गई है।
जानकारी के अनुसार पुष्करणी पार्क के पास स्थित एक कॉलोनी में संचालित गायजेक प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी दो अन्य फर्मों खेलब्रो प्राइवेट लिमिटेड तथा स्किलब्रो प्राइवेट लिमिटेड में जीएसटी अधिनियम की धारा-67 के तहत जांच की गई। टीम ने कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक तीनों कंपनियों का संचालन एक ही पते से किया जा रहा था और इनके निदेशक भी एक ही व्यक्ति हैं। ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन किए जाने के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में लगभग 300 करोड़ रुपये के कर अपवंचन की आशंका जताई गई है।
सेंट्रल जीएसटी जबलपुर की टीम ने कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर जबलपुर भेज दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई अत्यंत गोपनीय तरीके से की गई, जिसकी जानकारी स्थानीय सेंट्रल जीएसटी कार्यालय तक को नहीं थी।
फिलहाल जब्त दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद कर चोरी की वास्तविक राशि और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।