सतना में 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं से पर्स स्‍नेचिंग, बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को दी चुनौती

सतना। शहर में बाइक सवार बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कोलगवां थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं से पर्स छीनने की घटनाएं सामने आने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हुई वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिक्षिका से छीना पर्स, मोबाइल और नकदी ले भागा बदमाश

पहली घटना शुक्रवार शाम की है। जानकारी के अनुसार शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सज्जनपुर में पदस्थ शिक्षिका मीना द्विवेदी (50) निवासी उतैली वार्ड क्रमांक-22, ड्यूटी पूरी कर बस से सतना पहुंचीं। शाम करीब 5 बजे वह गहिरानाला क्षेत्र में बस से उतरकर पैदल घर जा रही थीं।

इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार एक बदमाश तेजी से उनके पास पहुंचा और कंधे पर टंगा पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में करीब 1500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज रखे थे। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने आसमानी रंग की शर्ट पहन रखी थी और चेहरे को लाल गमछे से ढंक रखा था।

मंदिर से लौट रही महिला को गिराकर छीना पर्स

दूसरी वारदात शनिवार रात करीब 8 बजे कृष्णनगर इलाके में हुई। अर्चना जैन, निवासी चौक बाजार, जैन मंदिर से पैदल घर लौट रही थीं। जब वह पशु चिकित्सालय के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और उनका पर्स छीनकर फरार हो गए।

महिला के पर्स में 4 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। बाद में पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

लगातार वारदातों से लोगों में भय, पुलिस जांच में जुटी

24 घंटे के भीतर एक ही थाना क्षेत्र में दो महिलाओं को निशाना बनाए जाने से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *