छिंदवाड़ा हत्याकांड: युवती की किसी और से बातचीत नहीं हुई बर्दाश्त, कुर्ती से गला घोंटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। शहर में एमए की पढ़ाई कर रही एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती की किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सकता है।

पुलिस के अनुसार चांद थाना क्षेत्र के ग्राम हलालपुर निवासी अरुण कहार (24) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी और मृतका एक-दूसरे के परिचित थे। जांच में पता चला है कि युवती किसी अन्य व्यक्ति से भी बातचीत करती थी, जिससे आरोपी नाराज रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

कुर्ती से घोंटा गला, सबूत छिपाने की कोशिश

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती की कुर्ती से ही उसका गला घोंटा था। वारदात के बाद शक से बचने के लिए उसने कुर्ती को वापस उसकी जगह टांग दिया और युवती के शव पर कंबल डालकर मौके से फरार हो गया।

खेत में छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

हत्या के बाद आरोपी अपने गांव हलालपुर पहुंच गया था। जब पुलिस उसकी तलाश में घर पहुंची तो वह वहां से भाग निकला और खेत में छिप गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस कर रही विस्तृत जांच

टीआई आशीष धुर्वे के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले के कई पहलुओं की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *