चित्रकूट। डिजिटल डेस्क
पाठा क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के विकास के साथ आदिवासी बाहुल्य गांवों की मूलभूत समस्याओं को लेकर समाजसेवी अनुज हनुमत ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। उन्होंने मानिकपुर के अतिप्राचीन आनंदी माता मंदिर के विकास और ग्राम चूल्ही में पक्की सड़क निर्माण की मांग रखी।
आनंदी माता मंदिर तक सुगम रास्ते की मांग
ज्ञापन में बताया गया कि मानिकपुर क्षेत्र के मरवरिया पहाड़ पर स्थित आनंदी माता मंदिर वर्षों पुराना धार्मिक स्थल है। यहां आसपास के 30 से अधिक गांवों के श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर तक मुख्य मार्ग से करीब 5 किलोमीटर का रास्ता पथरीला और दुर्गम है। इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है। मंदिर परिसर में मौजूद कुआं मलबे और कीचड़ से भरा है, जबकि हैंडपंप भी खराब बताया गया है।
समाजसेवी ने मंदिर तक सुगम संपर्क मार्ग बनाने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने, कुएं की सफाई, नया पंप लगाने और सोलर लाइट लगवाने की मांग की है। सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
ज्ञापन में आनंदी माता मंदिर को वन और पर्यटन विभाग के समन्वय से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई है। मंदिर क्षेत्र रानीपुर टाइगर रिजर्व के आसपास होने के कारण विकास कार्यों में वन विभाग से जरूरी अनुमति लेने की बात भी कही गई है।
चूल्ही में सड़क नहीं, खाट पर मरीज ढोने की मजबूरी
दूसरे ज्ञापन में आदिवासी बाहुल्य ग्राम चूल्ही की सड़क समस्या उठाई गई। ग्रामीणों के मुताबिक गांव तक अब तक पक्का संपर्क मार्ग नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य चारपहिया वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। गंभीर मरीजों और प्रसूताओं को चारपाई या पालकी के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।
बारिश के दौरान कच्चा रास्ता कीचड़ में बदल जाता है। इससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ बच्चों की पढ़ाई और किसानों की उपज को बाजार तक पहुंचाने में भी परेशानी होती है।
स्थल निरीक्षण और सड़क स्वीकृति की मांग
समाजसेवी अनुज हनुमत ने लोक निर्माण विभाग या ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की टीम से गांव का स्थल निरीक्षण कराने और पक्की सड़क की स्वीकृति देने की मांग की है।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने दोनों ज्ञापनों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भरोसा दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कृष्णा, विकास, शिवराज, रवि, रामनरेश सहित क्षेत्रवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे।