गुवाहाटी। डिजिटल डेस्क
असम के गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक और प्रवक्ता आशुतोष रांका समेत कई कार्यकर्ताओं को रविवार, 27 सितंबर 2026 को पुलिस ने हिरासत में लिया। कार्रवाई उस समय हुई, जब संगठन की पूर्वोत्तर क्षेत्र की पहली रीजनल वॉलंटियर्स मीटिंग होने वाली थी।
मीटिंग से पहले हुई कार्रवाई
CJP ने 27 सितंबर को गुवाहाटी में रीजनल वॉलंटियर्स मीटिंग आयोजित करने की घोषणा की थी। कार्यक्रम का स्थान बदलकर असम सचिवालय के सामने चौधरी टीला किया गया था और बैठक सुबह 10 बजे प्रस्तावित थी। आशुतोष रांका 26 सितंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे।
रविवार को कार्यक्रम स्थल की ओर पहुंच रहे रांका और CJP के अन्य सदस्यों-कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोककर हिरासत में लिया।
CJP ने क्या कहा
CJP की ओर से जारी बयान में दावा किया गया कि पुलिस ने बैठक में पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका और कई लोगों को हिरासत में लिया। संगठन ने कहा कि कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था और अन्य स्थानीय मुद्दों पर चर्चा के लिए आयोजित किया गया था।
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि रांका और अन्य हिरासत में लिए गए लोगों से मिलने के लिए वकील मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी।
रांका ने असम सरकार पर लगाए आरोप
हिरासत में लिए जाने से पहले रांका ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संगठन राज्य के सरकारी स्कूलों की स्थिति, काजीरंगा और मतदाता सूची के मुद्दों पर लोगों के बीच काम करना चाहता है।
CJP का असम में क्या कार्यक्रम था
CJP ने अपने असम दौरे को संगठन के पूर्वोत्तर विस्तार से जोड़ा है। 26 सितंबर को रांका ने गुवाहाटी में कहा था कि संगठन असम में स्कूलों का दौरा करेगा, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेगा और स्थानीय वॉलंटियर्स के साथ काम करेगा।
संगठन ने असम में ‘School Thik Karo’ अभियान के जरिए सरकारी स्कूलों की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाने की बात भी कही है।