चित्रकूट में बाढ़ के बीच गलियों में उतरे सीएम, कीचड़ में पैदल चलकर घर-घर देखा नुकसान

सतना/चित्रकूट। डिजिटल डेस्क

चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद मंदाकिनी और सेमरावल नदी के उफान से बने बाढ़ जैसे हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को प्रभावित इलाकों में पहुंचे। हेलीकॉप्टर से आरोग्यधाम पहुंचने के बाद उन्होंने आश्रय स्थल में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और फिर रामधाम की गलियों में पैदल पहुंचकर घरों और दुकानों में हुए नुकसान को देखा।

आश्रय स्थल में प्रभावित परिवारों से मिले सीएम

मुख्यमंत्री मुखारबिंद के पास बनाए गए आश्रय स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की परेशानियां सुनीं और राहत सहायता वितरित की। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और नियमानुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

कीचड़ और मलबे के बीच पैदल पहुंचे घरों तक

आश्रय स्थल से निकलने के बाद मुख्यमंत्री रामधाम मोहल्ले पहुंचे। बाढ़ का पानी उतरने के बाद गलियों में जमा कीचड़ और मलबे के बीच उन्होंने पैदल चलकर स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री प्रभावित लोगों के घरों तक पहुंचे और बाढ़ के दौरान घरों में भरे पानी से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने रामफल गर्ग और किस्मत कुमार गर्ग के परिवार से बातचीत कर पूछा कि घर के अंदर कितना पानी भर गया था और कौन-कौन सा सामान खराब हुआ।

दुकान में पानी घुसने से हुए नुकसान की जानकारी ली

मुख्यमंत्री सतना-चित्रकूट मार्ग पर सियाराम कुटीर के पास स्थित अग्रहरि किराना स्टोर भी पहुंचे। यहां दुकानदार कामता प्रसाद गुप्ता ने दुकान में पानी भरने से सामान को हुए नुकसान की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने दुकान की स्थिति देखी और प्रभावित लोगों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।

भोजन, पानी और इलाज की व्यवस्था के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए आश्रय स्थलों पर भोजन, पेयजल और चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाढ़ से मकानों, दुकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कराने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि प्रभावित लोगों की मदद में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अतिवृष्टि के बाद बढ़ा नदी का जलस्तर

प्रशासन के अनुसार, अतिवृष्टि के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से चित्रकूट क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, डीआरआई संगठन सचिव अभय महाजन, जिला उपाध्यक्ष प्रबल श्रीवास्तव, रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस., एसपी हंसराज सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *