जबलपुर। डिजिटल डेस्क
हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर आने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्रियों से कथित तौर पर ज्यादा पैसे वसूलने के मामले में रेलवे विजिलेंस ने कार्रवाई की है। जांच के दौरान दो टीटीई के पास निर्धारित राशि से अधिक रकम मिलने के बाद दोनों को सस्पेंड कर दिया गया।
विजिलेंस ने तीन टीटीई की घेराबंदी कर जांच की
गाड़ी संख्या 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस सोमवार सुबह जबलपुर के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची। इसके बाद पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने ट्रेन में तैनात तीन टीटीई की जांच की।
जांच के दौरान टीटीई गुंजन कुमार के पास 5,800 रुपये और लक्ष्मी नारायण के पास 2,000 रुपये अतिरिक्त मिले। वहीं तीसरे टीटीई महेंद्र मीणा के पास जांच में अतिरिक्त रकम नहीं मिली।
तीनों टीटीई को सीटीआई कक्ष में ले जाकर आगे की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने अतिरिक्त राशि को यात्रियों से वसूली गई रकम से जोड़कर जांच की।
तीसरे टीटीई को लेकर सीसीटीवी की जांच
विजिलेंस टीम को आशंका है कि तीसरे टीटीई महेंद्र मीणा ने अतिरिक्त रकम जांच से पहले कहीं फेंक दी होगी। इस बिंदु की जांच के लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे जा रहे हैं।
जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत के बाद विजिलेंस ने की घेराबंदी
बताया गया कि विजिलेंस टीम को शिकायत मिली थी कि गोंडवाना एक्सप्रेस में तैनात टीटीई यात्रियों को सीट देने के बदले अतिरिक्त पैसे ले रहे हैं।
शिकायत में यह भी आरोप था कि ट्रेन के दिल्ली से लौटने के दौरान झांसी से सवार हुए स्टाफ द्वारा भी यात्रियों से पैसे लिए जा रहे हैं। इसके बाद विजिलेंस टीम ने ट्रेन में घेराबंदी कर जांच की।
दो टीटीई पर निलंबन की कार्रवाई
जांच में अतिरिक्त रकम मिलने के बाद गुंजन कुमार और लक्ष्मी नारायण को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले में विजिलेंस की जांच और तीसरे टीटीई से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल जारी है।