जबलपुर। डिजिटल डेस्क
जबलपुर से सिंगरौली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पर बुधवार शाम सतपुला और अधारताल स्टेशन के बीच पथराव की घटना सामने आई। पत्थर लगने से ट्रेन के सी-1 कोच की खिड़की का कांच टूट गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
खिड़की का कांच टूटने की मिली सूचना
रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि इंटरसिटी एक्सप्रेस के सी-1 कोच में बर्थ नंबर 3 और 4 के पास खिड़की के कांच पर पत्थर लगा है। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम को मौके पर भेजा गया।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के अनुसार, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुखराम बेन और आरक्षक अरुण व संदीप कठेरिया घटनास्थल पर पहुंचे। टीम को रेलवे पुल के पास पटरी के किनारे एक युवक और नौ वर्षीय बालक मिले।
खेल-खेल में ट्रेन पर फेंके पत्थर
पूछताछ में युवक ने अपना नाम नकुल कुन्डे निवासी बेलबाग टोरिया बताया। आरपीएफ के अनुसार, युवक और बालक ने बताया कि वे शाम करीब साढ़े चार बजे रेलवे लाइन के पास बैठे थे। ट्रेन को देखकर उन्होंने खेल-खेल में निशाना लगाने के लिए पटरी के किनारे पड़ी गिट्टी उठाकर फेंकी, जो ट्रेन की खिड़की पर लगी और कांच टूट गया।
युवक पर रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ ने बालक के माता-पिता को बुलाकर समझाइश दी और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने देने के लिए कहा। वहीं, युवक के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
रेलवे लाइन के आसपास पत्थर फेंकना यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसी घटनाओं से ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को चोट लगने के साथ रेल संपत्ति को भी नुकसान पहुंच सकता है।