बीमार वृद्ध दंपति के साथ खड़े रहे कलेक्टर, इलाज के साथ BPL कार्ड बनवाने के दिए निर्देश

कटनी। डिजिटल डेस्क

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत गुरुवार को कन्हवारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने इलाज के लिए आए एक वृद्ध दंपति से मुलाकात की। उन्होंने दोनों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और स्वयं उन्हें डॉक्टर के कक्ष तक ले जाकर जांच पूरी होने तक वहीं मौजूद रहे।

वृद्ध दंपति को खुद डॉक्टर के कमरे तक ले गए

कन्हवारा निवासी 60 वर्षीय सोनाबाई कोरी और 65 वर्षीय हरिदास कोरी उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने दोनों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी जानी।

कलेक्टर स्वयं वृद्ध दंपति को डॉक्टर के कक्ष तक लेकर गए। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों से दोनों की स्थिति और उपचार के बारे में जानकारी ली तथा जांच पूरी होने तक मौके पर मौजूद रहे।

चिकित्सकों के अनुसार सोनाबाई कोरी को लंबे समय से बुखार की समस्या के साथ हड्डियों से संबंधित परेशानी है। हरिदास कोरी भी हड्डियों की समस्या से पीड़ित हैं। कलेक्टर ने दोनों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

BPL कार्ड बनवाने के निर्देश

स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के बाद कलेक्टर ने दंपति की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पटवारी को उनके BPL कार्ड की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रशासन का फोकस लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनने और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण कराने पर है।

टीबी पीड़ित महिला से भी ली स्वास्थ्य की जानकारी

इसी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंची कन्हवारा की एक महिला से भी कलेक्टर ने बातचीत की। महिला टीबी से पीड़ित बताई गई। कलेक्टर ने उससे पूछा कि उसे शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क दवाइयां नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं।

महिला के स्वास्थ्य को देखते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह को उसके लिए पोषण आहार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उसके डेढ़ वर्षीय बच्चे के टीकाकरण की स्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

जन-विश्वास अभियान में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत वरिष्ठ अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। कटनी में भी अभियान के तहत अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने, लंबित शिकायतों के निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान 7 अगस्त 2026 से शुरू होकर 8 जनवरी 2027 तक चलना निर्धारित है।

कन्हवारा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, तहसीलदार अजीत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *