कुइयां गांव में पुलिस की दबिश, 8 किलो गांजा और 21 लाख नकद बरामद!

रीवा। डिजिटल डेस्क

छुइया घाटी में ओडिशा पुलिस की कस्टडी से एनडीपीएस मामले के आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाए जाने के बाद रीवा जिले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में मनगवां थाना क्षेत्र के कुइयां गांव में पुलिस की दबिश के दौरान एक मकान से करीब 8 किलो गांजा और 21 लाख रुपये नकद मिलने की सूचना सामने आई है।

संजय, राजा और आशीष की तलाश

जानकारी के अनुसार, मनगवां पुलिस की टीम कुइयां गांव में कुछ ऐसे संदिग्धों की तलाश में पहुंची थी, जिनके नाम गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि पुलिस के निशाने पर संजय पटेल, राजा पटेल और आशीष पटेल उर्फ मामा थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीनों के मौके पर नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है।

आशीष के घर से कथित तौर पर मिला गांजा और कैश

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने आशीष पटेल उर्फ मामा के घर पर भी तलाशी ली। यहां करीब 8 किलो गांजा और लगभग 21 लाख रुपये नकद मिलने का दावा किया जा रहा है।

यह भी जानकारी सामने आई है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए आशीष पटेल के माता-पिता को हिरासत में लिया है। हालांकि, इस संबंध में भी पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

आदित्य मिश्रा को छुड़ाने के बाद बढ़ी पुलिस की सक्रियता

मंगलवार को सीधी जिले की छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर एनडीपीएस मामले के आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने की घटना सामने आई थी। सीधी पुलिस के अनुसार, घटना के बाद रीवा और सीधी में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

घटना के बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

कुइयां की कार्रवाई को उसी नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा

कुइयां गांव में हुई कथित बरामदगी को आदित्य मिश्रा को छुड़ाने वाले लोगों की तलाश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच सीधा संबंध होने की पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर

आदित्य मिश्रा को छुड़ाने की घटना के बाद रीवा, सीधी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। पुलिस फरार आरोपी और हमलावरों की तलाश के साथ उनके संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *