सतना। डिजिटल डेस्क
जैतवारा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां लगना नदी में नहाने गए दो नाबालिग तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। एसडीईआरएफ की टीम ने करीब पांच घंटे की तलाश के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
तेज बहाव के बावजूद नदी में उतरे थे बच्चे
जैतवारा थाना प्रभारी अजय सिंह के मुताबिक, शेरगंज के 4-5 बच्चे रविवार दोपहर घूमते हुए नदना गांव के पास पहुंचे थे। यहां पुल के आसपास नदी में तेज बहाव के बावजूद बच्चे नहाने के लिए उतर गए।
इसी दौरान करीब साढ़े 12 बजे अर्श पुत्र मोहम्मद समीर (12) और मिराज पुत्र अब्दुल रऊफ (11) पानी के तेज बहाव में फंस गए और बहने लगे।
साथ मौजूद बच्चों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ ने संभाला मोर्चा
बच्चों के नदी में बहने की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपने स्तर पर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की और डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जैतवारा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ नदना गांव पहुंचे। जिला मुख्यालय से एसडीईआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
पांच घंटे बाद एक बच्चे का शव मिला
एसडीईआरएफ के जवानों ने करीब पांच घंटे तक नदी में तलाश की। इस दौरान घटनास्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर बराटोला के पास अर्श का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोठी अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
अंधेरा होने पर रोकनी पड़ी तलाश
दूसरे नाबालिग मिराज का अब तक पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने के कारण रविवार शाम सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम सोमवार सुबह दोबारा नदी में तलाश शुरू करेगी।
हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। एक ओर अर्श के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मिराज के परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।