मैहर में बरसाती नाले में डूबे मामा-भांजे, तीनों की मौत

मैहर। डिजिटल डेस्क

जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मामा और उसके दो भांजे बरसाती नाले में बाइक समेत बह गए। करीब 20 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार को तीनों के शव बरामद किए गए।

जन्मदिन पार्टी में जा रहे थे तीनों

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खरमसेड़ा निवासी 19 वर्षीय अंकुल पुत्र रामकरण कुशवाहा शनिवार रात अपने दो भांजों के साथ तेंदुहटी गांव में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था।

उसके साथ भडऱी निवासी और वर्तमान में जुड़मनिया में रह रहे 7 वर्षीय सार्थक पुत्र गजाधर कुशवाहा और 5 वर्षीय विराज कुशवाहा भी थे। तीनों बाइक से नादन क्षेत्र की ओर जा रहे थे।

रात करीब 10 बजे जूरा गांव से आगे खरमसेड़ा नाले के पास पहुंचे। हाल में हुई बारिश के कारण रपटे के ऊपर से पानी बह रहा था। इसके बावजूद अंकुल ने बाइक से नाला पार करने की कोशिश की।

रात के अंधेरे में बिगड़ा संतुलन

बताया गया कि रपटे से पानी बहने और रात के अंधेरे के बीच बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद अंकुल और दोनों बच्चे बाइक समेत पानी में जा गिरे। देखते ही देखते तीनों पानी के तेज बहाव में बह गए। काफी देर तक जब तीनों तेंदुहटी नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए।

परिजनों ने अंकुल के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और रात में ही तीनों की तलाश शुरू की गई। अंधेरा होने के कारण रात में कोई सुराग नहीं मिल सका।

सुबह मिली बाइक, फिर तेज हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

रविवार सुबह परिजन और पुलिस दोबारा तलाश में जुटे। इसी दौरान आमा-डाड़ी नाले के पास अंकुल की बाइक पानी में पड़ी मिली। बाइक मिलने के बाद पुलिस को तीनों के नाले में बहने की आशंका और मजबूत हुई। इसके बाद मैहर, रीवा और सतना से एसडीईआरएफ की टीमें बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। कई घंटे तक चले अभियान के दौरान गोताखोरों ने नाले और उसके आसपास के हिस्से में तलाश की।

पहले विराज, फिर सार्थक और अंकुल का शव मिला

सर्च ऑपरेशन के दौरान रपटे से कुछ दूरी पर सबसे छोटे भांजे 5 वर्षीय विराज का शव बरामद हुआ। इसके बाद रविवार शाम करीब 4 बजे उसके बड़े भाई 7 वर्षीय सार्थक का शव भी गोताखोरों ने खोज निकाला। सबसे आखिर में मामा अंकुल का शव नाले से करीब 100 मीटर दूर फंसा मिला।

तीनों शव मिलने की खबर से मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने परिजनों को संभालने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम सोमवार सुबह कराया जाना बताया गया है।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर रही

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने तक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

बरसाती नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में भी काफी मुश्किलें सामने आईं। एसडीईआरएफ की टीम ने लगातार सर्चिंग कर तीनों शवों को बरामद किया।

ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम

तीनों की तलाश के दौरान रविवार दोपहर कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नादन-देहात थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।

सूचना मिलने पर सीएसपी महेन्द्र सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को समझाइश देकर हाईवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

पुलिस कप्तान अवधेश प्रताप सिंह ने इस घटनाक्रम पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बच्चों के परिजनों की आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यातायात बाधित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *