मधुमक्खियों के हमले में 5 साल के मासूम की मौत, मां के साथ गया था बकरियां चराने

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में मधुमक्खियों के झुंड के हमले से 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चा अपनी मां और अन्य बच्चों के साथ खेत में बकरियां चराने गया था, तभी मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। उपचार के बाद घर लौटे बच्चे की अगले दिन हालत बिगड़ गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खेत में बकरियां चराने गया था मासूम

जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय अंश शुक्रवार शाम अपनी मां और अन्य बच्चों के साथ खेत में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चे पर हमला कर दिया।

मधुमक्खियों के काटने से अंश घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए ग्राम गोरा ले गए, जहां स्थानीय स्तर पर उसका उपचार कराया गया। उपचार के बाद परिजनों को उसकी हालत में सुधार नजर आया, जिसके बाद वे उसे घर लेकर लौट आए।

खाना खाने के बाद सो गया बच्चा

घर पहुंचने के बाद अंश ने खाना खाया और सो गया। शनिवार सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद भी बच्चे के नहीं जागने पर परिजन घबरा गए। वे तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपाटन लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अमरपाटन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अंश को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।

डॉ. हिमांशु पांडेय ने बताया कि 5 वर्षीय बच्चे को मधुमक्खियों ने काटा था। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित किया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को अमरपाटन की मर्चुरी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।

परिवार में पसरा मातम

अंश की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

मधुमक्खियों के हमले के बाद बच्चे की तबीयत में शुरुआती सुधार बताए जाने के बावजूद अगले दिन उसकी मौत होने से परिजन भी सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *