50 हजार की ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, प्रयागराज से जुड़ा लिंक

सतना। डिजिटल डेस्क।

मैहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी घर के पास गली में नशीले पदार्थ की फुटकर बिक्री कर रहा था। तलाशी में उसकी जेब से 10.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नईम खान उर्फ लल्लू, पिता रहीम खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी विनैका मोहल्ला मैहर, अपने घर के पास वाली गली में नशीले पदार्थ की फुटकर बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी संतोष उलाडी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विनैका मोहल्ले में दबिश दी।

पुलिस को देखते ही संदेही भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नईम खान उर्फ लल्लू बताया।

जेब से 10.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से पॉलीथिन में रखा भूरे रंग का पाउडर मिला। जांच में इसे स्मैक यानी ब्राउन शुगर बताया गया।

बरामद पदार्थ का वजन 10.31 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है।

प्रयागराज से नशे का लिंक सामने आया

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशीला पदार्थ प्रयागराज से फुटकर बिक्री के लिए मैहर लेकर आया था।

इसके बाद पुलिस अब इस मामले में सप्लायर की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही मैहर में आरोपी के संभावित साथियों और नियमित खरीदारों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

आरोपी को न्यायालय से जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। रविवार दोपहर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *