NH-30 पर दुर्गा प्रतिमा के जुलूस में घुसी बाइक, कई घायल

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दुर्गा प्रतिमा लेकर जा रहे श्रद्धालुओं के जुलूस में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पड़हा गांव के पास हुआ। बाइक की टक्कर से सड़क पर चल रहे श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

डीजे पर नाच रहे श्रद्धालुओं के बीच पहुंची बाइक

जानकारी के मुताबिक, पंचमी के अवसर पर श्रद्धालु पिकअप वाहन में दुर्गा प्रतिमा लेकर स्थापना स्थल की ओर जा रहे थे। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग पैदल चल रहे थे और डीजे की धुन पर नाच रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। बाइक की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार को भी चोटें आईं।

समाजसेवी और हाईवे एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद समाजसेवी दीपू पड़हा और राष्ट्रीय राजमार्ग की 1033 हाईवे एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार जारी है।

हादसा गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे का बताया जा रहा है। घटना के बाद जुलूस में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों में बाइक सवार भी शामिल

उपलब्ध जानकारी में प्यारे लाल कोल, कलावती यादव, फूलमती कोल, विपिन विश्वकर्मा (29), रामेश्वर साकेत (60), जगदीश साकेत (50) और शोभनाथ साकेत के नाम घायलों के रूप में बताए गए हैं। विपिन विश्वकर्मा के पिता का नाम रामहित विश्वकर्मा, जबकि रामेश्वर और जगदीश साकेत के पिता का नाम शिवबालक साकेत बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *