सतना/मैहर। मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र के बहिली गांव में बुधवार को आरक्षित वनभूमि पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया। वन विभाग की टीम जब कथित अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और पथराव भी किया। प्रशासन के अनुसार घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
वन विभाग ने बताया अवैध कब्जे का प्रयास
पूरा मामला मैहर वनपरिक्षेत्र की जुड़वानी बीट के कक्ष क्रमांक पी-580 से जुड़ा है। वन विभाग का कहना है कि आरक्षित वनभूमि पर अवैध कब्जे के उद्देश्य से प्रतिमा स्थापित की गई थी। विभाग की समझाइश के बावजूद विरोध बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
एसडीएम और सीएसपी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल और सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में वन विभाग ने प्रतिमा और निर्माण सामग्री हटाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए क्षेत्र में फिलहाल पुलिस बल तैनात किया गया है।
एक महीने पहले भी हुआ था विवाद
इससे पहले 2 जुलाई को भी इसी स्थान से बिरसा मुंडा की प्रतिमा हटाई गई थी। उस समय वन विभाग ने दो लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया था। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव किया था। बाद में ग्रामीणों की ओर से दोबारा वनभूमि पर प्रतिमा स्थापित नहीं करने की लिखित सहमति देने के बाद दोनों आरोपियों को जमानत मिली थी।
एसपी बोले- नियमानुसार होगी कार्रवाई
मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रशासन की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर ली गई है। पूरे मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।