मैहर। डिजिटल डेस्क
मैहर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पति-पत्नी हादसे का शिकार हो गए। पति के ट्रेन से गिरने के बाद उसे बचाने की कोशिश में पत्नी भी चलती ट्रेन से कूद गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके पति को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, बिहार के नवादा जिले के संगवेज गांव निवासी रामाधार पुत्र उमर शाह अपनी पत्नी आशा देवी शाह के साथ मैहर में देवी दर्शन करने आए थे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शनिवार शाम दोनों वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 से मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस रवाना हो रही थी। ट्रेन छूटती देखकर पति-पत्नी ने उसमें चढ़ने की कोशिश की।
संतुलन बिगड़ने से ट्रेन से गिरा पति
ट्रेन में चढ़ने के दौरान आशा देवी एक बोगी में चढ़ गईं, लेकिन रामाधार का संतुलन बिगड़ गया। वह कुछ दूर तक ट्रेन के गेट पर लटके रहे और फिर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े।
पति को गिरता देखकर आशा देवी घबरा गईं। उन्होंने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी और पटरी के बीच जा गिरीं। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जबकि रामाधार को मामूली चोटें लगीं।
हादसे के बाद स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
रेलवे स्टेशन पर अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घायल पति-पत्नी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान हुआ यह हादसा एक बार फिर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ने और उतरने की सावधानी की जरूरत को सामने लाता है।