सतना। डिजिटल डेस्क
मैहर जिले के सोनवारी गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर के बाहर बरामदे में सो रहे 40 वर्षीय किसान रज्जन सिंह पटेल पर आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची पत्नी, मां और दो बच्चों को भी हमलावरों ने घायल कर दिया। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
आधी रात घर में घुसे हथियारबंद हमलावर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रज्जन सिंह पटेल शनिवार रात अपने खेत पर बने घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सोए हुए थे। रात करीब साढ़े 12 बजे आधा दर्जन हमलावर घर में घुसे और रज्जन पर कुल्हाड़ी समेत अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
हमले की आवाज सुनकर उनकी पत्नी अंजना पटेल (38), मां लल्ली सिंह, बेटी रागिनी (8) और बेटा अनिकेत (12) बाहर आए। परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण रज्जन की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी, मां और दोनों बच्चे घायल
हमले में अंजना पटेल के सिर में गंभीर चोट आई है। बुजुर्ग मां लल्ली सिंह के सिर और आंख के पास चोटें आई हैं, जबकि बेटी रागिनी के सिर में चोट लगी है। बेटे अनिकेत को भी चोट आई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
गहने और नकदी से भरी पेटी ले जाने का आरोप
मृतक की पत्नी अंजना पटेल ने आरोप लगाया है कि हमलावर घर से गहने और नकदी रखी पेटी भी ले गए। इस जानकारी के बाद पुलिस हत्या के साथ लूट की आशंका को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।
हालांकि, वारदात के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों का मकसद हत्या करना था या वारदात के दौरान लूट भी की गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, संदिग्धों से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार दोपहर वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और भौतिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच और सामने आए बयानों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।