नागौद। नगर में फास्ट फूड की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हुआ। एक ग्राहक ने चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नागोद के एसबीआई चौक स्थित फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ रेस्टोरेंट की रसोई और साफ-सफाई व्यवस्था भी देखी गई।
चाउमीन और पनीर के सैंपल लिए
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने गुणवत्ता की जांच के लिए फूड स्ट्रीट से चाउमीन और पनीर के सैंपल लिए। इन सैंपलों को परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
अभी सैंपलों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। इसलिए खाद्य पदार्थ में किसी तरह की मिलावट या असुरक्षित तत्व होने की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
संचालक को साफ-सफाई के निर्देश
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लाइसेंस की शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। खाद्य पदार्थ तैयार करने और रखने के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
गोलू 56 डेयरी से भी दूध, पनीर और खोवा के सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागोद में एक अन्य प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए गोलू 56 डेयरी का निरीक्षण किया गया। डेयरी से दूध, पनीर और खोवा के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी लिए गए सैंपलों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, गुणवत्ता में कमी या स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं, तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फूड स्ट्रीट और गोलू 56 डेयरी से लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।