सिवनी। डिजिटल डेस्क
सिवनी में स्थानीय और बाहरी किन्नरों के बीच चल रहा विवाद रविवार शाम हिंसक संघर्ष में बदल गया। कोतवाली थाना परिसर के बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। हंगामे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में किन्नर थाने के बाहर एकत्र हो गए। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी मिलने पर एएसपी दीपक मिश्रा भी कोतवाली पहुंचे। एसपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार, मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
एक किन्नर की निर्वस्त्र कर पिटाई का आरोप
रविवार को स्थानीय और नागपुर से आए किन्नरों के बीच विवाद बढ़ने के बाद कोतवाली के बाहर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक किन्नर की निर्वस्त्र कर पिटाई भी की गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
बाहरी किन्नरों के आने से शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि शनिवार को नागपुर से दो बसों में किन्नरों का समूह पलारी पहुंचा था। इसके बाद सिवनी के किन्नरों ने कोतवाली में शिकायत की कि बाहरी किन्नर जिले में आकर बधाई के नाम पर वसूली कर रहे हैं।
रविवार को नागपुर से आए किन्नरों के शहर में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें कोतवाली बुलाया। स्थानीय किन्नरों को भी बुलाया गया, ताकि दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सके।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद कोतवाली के बाहर मुख्य मार्ग पर भी दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ।
बरघाट थाने में भी पहुंचा मामला
इसी विवाद को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में किन्नर बरघाट थाना भी पहुंचे। वहां एक पक्ष ने सिवनी के किन्नरों पर लगातार धमकाने और परेशान करने के आरोप लगाए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि 20 अगस्त को पलारी में शबाना और नंदिनी के घर में घुसकर मारपीट की गई और घर पर ताला लगा दिया गया। इसके अलावा 22 अगस्त को नागपुर से किन्नरों का समूह पलारी आ रहा था, तब कान्हीवाड़ा पुलिस को गुमराह कर बस रुकवाने का भी आरोप लगाया गया।
सालों से बधाई लेने का कर रहे दावा
बरघाट थाने में शिकायत करने पहुंचे किन्नरों का कहना है कि पलारी, कान्हीवाड़ा और बरघाट क्षेत्र में वे वर्षों से रहकर बधाई लेने का काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सिवनी के किन्नर समूह की कुछ सदस्य उन्हें बेवजह परेशान कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच कर रही है। कोतवाली में मारपीट की घटना को लेकर प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।