सिवनी। डिजिटल डेस्क
सिवनी-नागपुर नेशनल हाईवे पर कुरई-खवासा के बीच परिवहन विभाग की चेकपोस्ट पर सोमवार दोपहर चालक से मारपीट के बाद विवाद बढ़ गया। आक्रोशित ट्रक चालकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
चेकपोस्ट पर चालक से विवाद के बाद मारपीट
जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर नागपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर चालक का कुरई-खवासा के बीच परिवहन विभाग की चेकपोस्ट पर एक कथित कर्मी से विवाद हो गया।
बताया गया कि विवाद के दौरान चालक ने कथित तौर पर अपशब्द कह दिए। इसके बाद कर्मी द्वारा चालक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास मौजूद ट्रक चालकों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद उन्होंने सिवनी-नागपुर नेशनल हाईवे पर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया।
हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार
जाम लगते ही सिवनी-नागपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाईवे पर यातायात अधिक होने के कारण कुछ ही देर में बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए।
सूचना मिलने पर बरघाट एसडीओपी ललित गठरे सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए ट्रक चालकों से बातचीत की।
एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी की मांग
ट्रक चालकों ने मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली।
इसके बाद ट्रक चालक संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
करीब दो से ढाई घंटे तक चले जाम के बाद एसडीओपी ललित गठरे की समझाइश पर ट्रक चालकों ने हाईवे से वाहन हटाए। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
बसें और एंबुलेंस भी जाम में फंसीं
हाईवे पर जाम के कारण जबलपुर-सिवनी-नागपुर मार्ग पर चलने वाली कई बसें भी काफी देर तक फंसी रहीं। कार और अन्य छोटे वाहनों से यात्रा कर रहे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम में मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गईं। पुलिस ने मशक्कत कर एंबुलेंस को रास्ता दिलाया।
जाम के कारण बसों में बैठे यात्रियों में भी नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार सिवनी-नागपुर के बीच चलने वाली कुछ बसें जाम के कारण वापस सिवनी लौट आईं।
बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
सिवनी जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजबलि सिंह ने चेकपोस्ट पर वाहन चालकों के साथ अभद्रता बंद किए जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि हाईवे पर जाम लगने से बस यात्रियों के साथ अन्य वाहन चालकों और यात्रियों को भी परेशानी होती है। चेकपोस्ट पर विवाद के कारण बार-बार यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए।