स्कूल में DVR लगाने वाला ही निकला चोर, दो आरोपी फरार

सिवनी। डिजिटल डेस्क

केवलारी के बगलई स्थित शासकीय हाई स्कूल में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार स्कूल में CCTV कैमरों का DVR लगाने वाला युवक ही अपने दुकान के कर्मचारियों के साथ चोरी की वारदात में शामिल था।

28-29 जुलाई की दरमियानी रात स्कूल के कंप्यूटर रूम से 11 कंप्यूटर सेट के हार्ड डिस्क, प्रोसेसर और RAM चोरी हो गए थे। इसके अलावा CCTV कैमरों में लगा 65 इंच का स्मार्ट टीवी और प्राचार्य कक्ष में लगा DVR भी चोरी किया गया था।

CCTV DVR लगाने के दौरान कंप्यूटर पर पड़ी नजर

प्राचार्य चूरामन बघेल की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। केवलारी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम के अनुसार उगली नाका क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय विक्की पिता मेरसिंह बघेल की कंप्यूटर सेल्स और सर्विस की दुकान है।

पुलिस के मुताबिक विक्की स्कूल में नया DVR सेट लगाने गया था। इसी दौरान उसकी नजर स्कूल में रखे कंप्यूटर और अन्य उपकरणों पर पड़ी। इसके बाद उसने दुकान के तीन कर्मचारियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।

नाबालिग आरोपी पकड़ा, दो फरार

पुलिस ने मामले में एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा है। वहीं आर्यन उर्फ चीकू और नवीन सराठे अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में चोरी की सामग्री के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त किया गया है।

कार और चोरी की सामग्री जब्त

पुलिस के अनुसार आरोपी नवीन की कार क्रमांक MP 04 YP 3124 जब्त की गई है। इसके अलावा स्कूल से चोरी की गई सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ चोरी की पूरी वारदात में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस टीम की रही भूमिका

चोरी का खुलासा करने वाली टीम में ASI राजेंद्र चौधरी, जयकुमार चौहान, प्रधान आरक्षक गोविंद सल्लाम, देवीसिंह रघुवंशी, आरक्षक प्रखर सिरोहिया और नरेंद्र चौरिया सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *