घर के सामने इंसानी खोपड़ी मिलने से सनसनी

सतना। digital desk

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शेरगंज में रविवार दोपहर एक घर के सामने इंसानी खोपड़ी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खोपड़ी मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खोपड़ी वहां कैसे पहुंची और यह किसकी है।

दरवाजे के पास पड़ी मिली खोपड़ी

पुलिस के मुताबिक आदित्य कॉलेज के पास रहने वाली 29 वर्षीय प्रेरणा पति विनोद केवट रविवार दोपहर करीब 1 बजे किसी काम से घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान उनकी नजर दरवाजे के पास पड़ी एक इंसानी खोपड़ी पर गई। खोपड़ी को देखते ही महिला घबरा गई। उन्होंने तत्काल अपने पति और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दोनों जबड़ों में मिले 9 दांत

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच के दौरान खोपड़ी के दोनों जबड़ों में कुल 9 दांत पाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने खोपड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है।

लापता लोगों की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस अब पिछले कुछ महीनों में आसपास के क्षेत्र से लापता हुए लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद खोपड़ी किसी लापता व्यक्ति से संबंधित तो नहीं है।

खोपड़ी को आवश्यक परीक्षण के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे जाने की संभावना है। फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

शेरगंज में चर्चा का माहौल

घर के सामने इंसानी खोपड़ी मिलने की खबर फैलते ही शेरगंज और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी इस बात को लेकर हैरान हैं कि खोपड़ी घर के दरवाजे तक कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *