24 घंटे में सुलझी अपहरण की गुत्थी, 5 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

जामसांवली मंदिर से दर्शन कर लौट रहे चाचा-भतीजे को रास्ते में रोककर नाबालिग का अपहरण करने वाले तीन बदमाश पुलिस के शिकंजे में आ गए। छिंदवाड़ा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर न सिर्फ अपहरण की गुत्थी सुलझाई, बल्कि नाबालिग को सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले भी कर दिया।

जामसांवली मंदिर से लौटते समय किया था अपहरण

लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि शिकायतकर्ता गणेश उईके, निवासी ग्राम पुसला (जिला अमरावती, महाराष्ट्र), 21 जुलाई को अपने नाबालिग भतीजे के साथ जामसांवली मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे। पांढुर्णा मार्ग पर मेहराखापा के पास एक ढाबे के समीप सफेद कार में सवार बदमाशों ने दोनों को रोक लिया और नाबालिग का अपहरण कर फरार हो गए। पीपला नारायणवार पुलिस चौकी में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

5 लाख रुपये की फिरौती मांगकर परिवार को दी धमकी

अपहरण के बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन कर बच्चे को सुरक्षित छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। अगले दिन 22 जुलाई को एक अन्य मोबाइल नंबर से दोबारा कॉल आया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कॉल की लोकेशन महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरूड थाना क्षेत्र में ट्रेस की, जहां शहपुरा मार्ग स्थित एक खंडहर जिनिंग भवन में नाबालिग को बंधक बनाकर रखा गया था।

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल, कागजों से भरा बैग बना फिरौती का बैग

एसपी प्रकाश चंद्र परिहार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर एक सुनियोजित रणनीति बनाई। एक आरक्षक को सिविल ड्रेस में ऑटो रिक्शा से भेजा गया, जबकि परिजनों को कागजों से भरा ऐसा बैग दिया गया जो देखने में नकदी से भरा प्रतीत हो रहा था। जैसे ही आरोपी नाबालिग को लेकर तय स्थान पर पहुंचे, पहले से घेराबंदी कर मौजूद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीनों बदमाशों को दबोच लिया और नाबालिग को सुरक्षित मुक्त करा लिया।

महाराष्ट्र के अमरावती के तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • सुफियान शाह पिता निसार शाह (निवासी वरूड, अमरावती)
  • वसीम शाह पिता शौकत शाह (निवासी वरूड, अमरावती)
  • शेख जुबेर पिता शेख नासिर (निवासी वरूड, अमरावती)

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनसे अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने किया। टीम में एसआई रवि वट्टी, एएसआई आरिफ खान, आरक्षक नंदकुमार उईके शामिल रहे। बैकअप टीम में एएसआई संतोष ठाकुर, आरक्षक समीर और लखन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *