सतना। डिजिटल डेस्क
मैहर जिले के अमरपाटन सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत के बाद शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शैलेस सिंह और सुरक्षा गार्ड अरुण सिंह के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि परिजनों ने ड्यूटी रूम का दरवाजा तोड़कर डॉक्टर और गार्ड से मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना प्रभारी साधना कठेल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचीं। तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रात 2 बजे सांस लेने में तकलीफ पर अस्पताल पहुंचे
गोरसरी निवासी नारायण द्विवेदी (61) को सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजन शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 2 बजे अमरपाटन सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। ड्यूटी डॉक्टर शैलेस सिंह ने मरीज का उपचार शुरू किया।
इलाज के दौरान सुबह करीब 5 बजे नारायण द्विवेदी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।
परिजन बोले- डॉक्टर दोबारा देखने नहीं आए
मृतक के परिजनों का आरोप है कि रात में एक बार मरीज को देखने के बाद डॉक्टर और स्टाफ नर्स दोबारा वार्ड में नहीं आए। मरीज की हालत बिगड़ने पर सुरक्षा गार्ड ने ही ऑक्सीजन लगाई और बीपी तथा पल्स की जांच की।
परिजनों का कहना है कि मरीज की हालत ज्यादा गंभीर होने पर डॉक्टर को सूचना दी गई। उनके मुताबिक डॉक्टर करीब 20 मिनट बाद वार्ड में पहुंचे और मरीज को मृत बताया।
सीएमएचओ बोले- मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया था
सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला के अनुसार ड्यूटी डॉक्टर ने मरीज को भर्ती कर उपचार किया था। मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन परिजन मरीज को वहां ले जाने के लिए तैयार नहीं हुए।
पुलिस बल तैनात, दोनों पक्षों की शिकायत
अस्पताल में हंगामे और मारपीट की सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को देखते हुए अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर डॉक्टरों की टीम से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।