सतना। डिजिटल डेस्क
नागौद कस्बे में पुश्तैनी मकान पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में एक अधेड़ पर ग्राइंडर मशीन से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल व्यक्ति का एक हाथ करीब आधा कट गया, जिसके बाद उसे नागौद से सतना रेफर किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुन्ना सोनी पुत्र सियाराम सोनी, उम्र 55 वर्ष, पुरानी कोतवाली के पास नागौद में रहता है। बताया गया है कि वह करीब दो दशक से पत्नी, बेटी और दो बेटों से अलग रहकर जीवनयापन कर रहा है। परिवार के बीच पुश्तैनी मकान पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
ताला काटने की कोशिश का विरोध करने पर विवाद
बताया गया है कि गुरुवार शाम मुन्ना किसी काम से बाहर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी चंद्रलता अवधिया अपने दो बेटों के साथ पुरानी कोतवाली के पास स्थित मकान पर पहुंची। आरोप है कि मकान पर कब्जे के इरादे से ग्राइंडर मशीन से ताला काटने का प्रयास किया जा रहा था।
इसकी जानकारी मिलने पर मुन्ना मौके पर पहुंचा और इसका विरोध करने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पत्नी और दोनों बेटों ने गाली-गलौज करते हुए मुन्ना के साथ मारपीट शुरू कर दी और ग्राइंडर मशीन से उस पर हमला किया।
हाथ गंभीर रूप से घायल, सतना रेफर
ग्राइंडर से हुए हमले में मुन्ना का एक हाथ करीब आधा कट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल मुन्ना को तत्काल सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक महीने पहले भी हुआ था विवाद
बताया गया है कि पुश्तैनी मकान को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब एक महीने पहले भी विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित शिकायत दी गई थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नागौद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।