सतना। डिजिटल डेस्क
मैहर कोतवाली क्षेत्र में नरौरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। दुर्घटना में बुजुर्ग समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। एक ट्रक धीमी रफ्तार से हाईवे पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक को टक्कर मार दी।
बस के ठीक पीछे चल रही कार भी अचानक बेकाबू होकर बस में जा घुसी। इसके बाद सबसे पीछे आ रहे एक अन्य ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस तरह चार वाहन एक-दूसरे से टकरा गए।
प्रयागराज से पितृ तर्पण कर लौट रहे थे कार सवार
हादसे में दोनों ट्रकों और बस के चालक-परिचालक समेत यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं कार में सवार पांच लोग घायल हो गए।
बताया गया है कि कार सवार प्रयागराज में पितृ तर्पण करने के बाद जबलपुर लौट रहे थे। घायलों में प्रकाश पुत्र मोहन लाल पटेल, उम्र 67 वर्ष, उनके बेटे संजय पटेल, उम्र 47 वर्ष और दामाद नितिन पुत्र संतोष पटेल, उम्र 34 वर्ष शामिल हैं।
पिता-पुत्र और दामाद गंभीर, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद प्रकाश पटेल, उनके बेटे संजय पटेल और दामाद नितिन पटेल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया।
क्रेन से हटाए वाहन, हाईवे पर खुला जाम
चार वाहनों की टक्कर के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
इसके बाद हाईवे पर आवागमन बहाल कराया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।