भोपाल विकास योजना-2047 का ड्राफ्ट जारी, 254 गांवों समेत बदलेगा शहर का नक्शा

भोपाल। डिजिटल डेस्क

करीब 21 साल के इंतजार के बाद भोपाल के नए मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है। भोपाल विकास योजना-2047 में अगले दो दशकों के शहर के विस्तार, आवास, यातायात, रोजगार, पर्यावरण और नागरिक सुविधाओं का खाका तैयार किया गया है।

प्रस्तावित योजना 1,016.90 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र और 254 गांवों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। वर्ष 2047 तक करीब 45 लाख आबादी के लिए शहरी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे की योजना बनाई गई है।

51 किलोमीटर का ग्रोथ कॉरिडोर

भोपाल विकास योजना-2047 में करीब 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर का प्रस्ताव है। इसके जरिए शहर के नए विकास क्षेत्रों को एयरपोर्ट, प्रस्तावित ईकाई सिटी, लॉजिस्टिक और अन्य प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ने की योजना है।

ग्रोथ कॉरिडोर के आसपास IT, AI और डेटा सेंटर, होटल, अस्पताल, कॉरपोरेट ऑफिस, एजुकेशन हब, मॉल और आवासीय गतिविधियों के लिए क्षेत्र प्रस्तावित किए गए हैं। सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए परिवहन कॉरिडोर का भी प्रावधान बताया गया है।

हरित क्षेत्र 16 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का प्रस्ताव

नई विकास योजना में भोपाल की प्राकृतिक पहचान को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। मौजूदा करीब 16 प्रतिशत हरित क्षेत्र को बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।

योजना में भोजताल, उसके कैचमेंट क्षेत्र, वन क्षेत्रों और बाघों के भ्रमण वाले क्षेत्रों के संरक्षण को शामिल किया गया है। कॉलोनियों में खुले क्षेत्र को भी बढ़ाने का प्रस्ताव सामने आया है।

भौंरी में प्रस्तावित होगी EKAI City

ड्राफ्ट में भौंरी क्षेत्र में Education, Knowledge, Artificial Intelligence (EKAI) City विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इसके साथ शिक्षा, तकनीक और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों के लिए नए क्षेत्रों का प्रस्ताव है।

शहर के विकास की निगरानी के लिए Digital Twin City की अवधारणा भी शामिल की गई है। इसके जरिए विकास, अनधिकृत निर्माण और मोबिलिटी से जुड़ी गतिविधियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग का प्रस्ताव है।

पार्किंग और Mixed Land Use पर जोर

भोपाल में पार्किंग की समस्या को देखते हुए मल्टीलेवल और मैकेनाइज्ड पार्किंग के साथ फ्लाईओवर और ROB के नीचे पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव है।

ड्राफ्ट में Mixed Land Use की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके तहत सड़क की चौड़ाई और निर्धारित नियमों के आधार पर कुछ आवासीय क्षेत्रों में अन्य उपयोग की अनुमति देने का प्रावधान रखा गया है।

आवास और पुराने भवनों के पुनर्विकास का प्रस्ताव

योजना में Affordable Housing और Rental Housing को बढ़ावा देने के प्रावधान भी रखे गए हैं। पुराने आवासीय अपार्टमेंट के पुनर्विकास के लिए भी नियम प्रस्तावित किए गए हैं।

इसके अलावा शहर के अलग-अलग हिस्सों में नए शिक्षा क्षेत्र, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार केंद्र विकसित करने की योजना है।

अभी अंतिम योजना नहीं है

भोपाल विकास योजना-2047 फिलहाल प्रारूप है। इसके प्रकाशन के बाद नागरिकों से दावे, आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन पर विचार किया जाएगा और योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *