अधिवक्ता पर हमला, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। डिजिटल डेस्क

जुन्नारदेव न्यायालय परिसर के बाहर शनिवार को एक अधिवक्ता के साथ गाली-गलौच और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने अधिवक्ता से शराब पीने के लिए रुपए मांगे और विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद साथी अधिवक्ताओं में आक्रोश देखा गया। घायल अधिवक्ता के साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ता जुन्नारदेव थाने पहुंचे और घटना का विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

न्यायालय से बाहर निकलते समय रोका

जानकारी के अनुसार, अम्बाड़ा वार्ड नंबर-4 निवासी अधिवक्ता अभिषेक ठक्कर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे न्यायालय परिसर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दमुआ रोड निवासी गोपाल पिता सुमरन मालवी ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि गोपाल मालवी ने अधिवक्ता के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने अभिषेक ठक्कर के साथ मारपीट कर दी। हमले में अधिवक्ता की आंख के नीचे, नाक और पसलियों में चोटें आई हैं।

बीच-बचाव करने पहुंचे साथी अधिवक्ता

बताया गया कि आरोपी शराब पीने के लिए रुपए मांग रहा था और उसने अधिवक्ता से पैसे छीनने का भी प्रयास किया। इसी दौरान अधिवक्ता पंकज बिहारे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।

इसके बाद घायल अधिवक्ता के साथ साथी अधिवक्ता बड़ी संख्या में जुन्नारदेव थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।

इन धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गोपाल मालवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 119(1), 296(ए), 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *