ट्रांसफार्मर के लिए विद्युत कार्यालय पहुंचीं महिलाएं, बोलीं- आज नहीं रखा तो धरने पर बैठेंगे

बिरसिंहपुर की दलित बस्ती एक माह से अंधेरे में, दो बार आवेदन के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

पवई।

ग्राम पंचायत बिरसिंहपुर की दलित बस्ती में करीब एक माह से बिजली का संकट बना हुआ है। ट्रांसफार्मर जलने के बाद बस्ती अंधेरे में है। दो बार आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर शुक्रवार को करीब दो दर्जन महिलाएं विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने ज्ञापन सौंपकर तत्काल नया ट्रांसफार्मर रखने की मांग की। उनका कहना है कि बस्ती के विद्युत उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली के बिल जमा कर रहे हैं, इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।

महिलाओं ने कहा- आज नहीं रखा तो यहीं बैठेंगे

महिलाओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि यदि शुक्रवार को ही नया ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया तो वे कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी।

इसके बाद महिलाएं कार्यालय के सामने बैठकर नारेबाजी करने लगीं। उनका कहना था कि बारिश के मौसम में बिजली नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है। अंधेरे के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ है।

जेई बोले- अधिक लोड के कारण जला ट्रांसफार्मर

मामले में कनिष्ठ अभियंता राहुल चौरसिया ने बताया कि करीब एक माह पहले ही बस्ती में ट्रांसफार्मर रखा गया था। अधिक लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर जल गया।

जेई ने महिलाओं को दो दिन के अंदर नया ट्रांसफार्मर रखने का आश्वासन दिया। हालांकि, महिलाएं तत्काल ट्रांसफार्मर रखे जाने की मांग पर अड़ी रहीं और विभाग के आश्वासन पर असहमति जताई।

दो बार आवेदन के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

महिलाओं के अनुसार ट्रांसफार्मर रखवाने के लिए विभाग को दो बार आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से उन्हें शुक्रवार को विद्युत कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *