घर में सो रहे भाई-बहन को सर्प ने डसा, दोनों की मौत

छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में घर के अंदर सो रहे भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया। दोनों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मामला बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम अवधपुरा का है। मृतकों की पहचान नेहा कुशवाहा (12) और उसके भाई जीतेन्द्र कुशवाहा (18), पिता मनका कुशवाहा के रूप में हुई है। नेहा कक्षा 6वीं की छात्रा थी।

रात में एक साथ सो रहे थे भाई-बहन

जानकारी के अनुसार, रात में नेहा और जीतेन्द्र घर के अंदर एक साथ सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों के पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद नेहा की नींद खुल गई। उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग उसे तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

नेहा की इलाज के दौरान मौत

नेहा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक नेहा के जाग जाने से उसके साथ हुई घटना का पता चल गया था। इसी वजह से उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

गहरी नींद में सोता रहा जीतेन्द्र

बताया गया कि जीतेन्द्र उस समय गहरी नींद में सो रहा था। परिजनों को पता नहीं चला कि उसे भी सांप ने डस लिया है। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

दोनों के पैर में सांप ने डसा

चन्द्रनगर निवासी नीलेश कुशवाहा ने बताया कि जीतेन्द्र और नेहा दोनों एक साथ सो रहे थे और सांप ने दोनों के पैर में डसा था। जीतेन्द्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं नेहा के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर में सोते समय सावधानी जरूरी

ग्रामीण और कच्चे मकानों में बारिश के मौसम में सांपों का घरों में प्रवेश बढ़ जाता है। ऐसे में रात में सोने से पहले बिस्तर और आसपास के स्थान की जांच करना जरूरी है। सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *