चित्रकूट से यूपी के श्रद्धालुओं की बोलेरो ले उड़े चोर

चित्रकूट। हरियाली अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच वाहन चोरी का मामला सामने आया है। यूपी के हमीरपुर से दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की बोलेरो प्रथम मुखारबिन्द के पास से चोरी हो गई।

भीड़ में सक्रिय रहते हैं चोर और ठग

सतना। पवित्र धार्मिक नगरी चित्रकूट में पूर्णिमा और अमावस्या जैसे विशेष अवसरों पर लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोर, पॉकेटमार और ठग भी सक्रिय हो जाते हैं।

भारी भीड़ बदमाशों के लिए वारदात के बाद आसानी से निकलने का रास्ता बन जाती है। दोनों राज्यों की पुलिस की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए जाने के बावजूद चोरी और पॉकेटमारी की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाना चुनौती बना हुआ है।

प्रथम मुखारबिन्द के पास खड़ी की थी बोलेरो

हरियाली अमावस्या पर भी चित्रकूट में ऐसी ही एक वाहन चोरी की वारदात सामने आई। जानकारी के मुताबिक यूपी के हमीरपुर से करीब 7-8 श्रद्धालु बोलेरो क्रमांक UP 91 AF 6133 से मंगलवार रात चित्रकूट पहुंचे थे।

श्रद्धालुओं ने प्रथम मुखारबिन्द के पास अपनी बोलेरो खड़ी की और परिक्रमा के लिए चले गए। दर्शन और परिक्रमा पूरी करने के बाद जब वे वापस लौटे तो मौके से बोलेरो गायब थी।

वाहन नहीं मिलने पर श्रद्धालुओं ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर वाहन चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए प्रथम मुखारबिन्द और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने वाहन चोरों तक पहुंचने के लिए अपना मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक चोरी गई बोलेरो का पता नहीं चल पाया था और पुलिस टीम के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा था। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा बड़ी चुनौती

चित्रकूट में अमावस्या और पूर्णिमा के दौरान यूपी और मध्य प्रदेश दोनों तरफ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों की संख्या भी अचानक बढ़ जाती है।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने के दौरान श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं, लगातार बढ़ती भीड़ के बीच वाहन चोरी और अन्य अपराधों को रोकना पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *