छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क
सिंगोड़ी-अमरवाड़ा मार्ग पर पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मोडिफाइड कंटेनर से करीब 300 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा तस्करी का नेटवर्क
एसपी अजय पांडेय को मिली सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सिंगोड़ी-अमरवाड़ा मार्ग पर संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच शुरू की।
पुलिस को शक था कि कंटेनर में गांजे की खेप छिपाकर ले जाई जा रही है। इसी दौरान कंटेनर के रास्ते को क्लीयर करने के लिए साथ चल रही स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने मशक्कत के बाद रोक लिया।
तलाशी के दौरान मोडिफाइड कंटेनर से करीब 300 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल सात आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। कुछ नकदी भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
बरामद गांजे की कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल जब्त गांजे का वजन और अन्य बरामद सामान की जांच कर रही है।
उड़ीसा से झांसी जा रही थी गांजे की खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा से झांसी ले जाई जा रही थी। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क का छिंदवाड़ा से कोई सीधा कनेक्शन है या नहीं।
मोडिफाइड कंटेनर को भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। वाहन में गांजा छिपाने के लिए किए गए बदलावों की भी पड़ताल की जा रही है।
पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
एसडीओपी कल्याणी बरकड़े ने बताया कि एसपी के नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई जारी है। उनके मुताबिक करीब 300 किलो गांजा जब्त किया गया है और एक पिस्टल के साथ सात आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।