छिंदवाड़ा। देहात पुलिस ने Honeytrap और ब्लैकमेलिंग के मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से प्रार्थी को गुरैया रोड स्थित चमन मोहल्ले के एक मकान में बुलाया था। आरोप है कि वहां उसे कमरे में बंद कर मारपीट की गई। इसके बाद जबरन कपड़े उतरवाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया। पुलिस के मुताबिक वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर प्रार्थी से 5 लाख रुपए की मांग की जा रही थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा
देहात थाना प्रभारी गोविंद राजपूत के मुताबिक प्रार्थी ने 9 अगस्त को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपियों पर ब्लैकमेलिंग और मारपीट के आरोप लगाए गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चांदामेटा के इकलेहरा निवासी नुरूल पिता तजम्मुल हसन (35), परासिया बंधा मोहल्ला निवासी खुशबू पति रहील खान (41), चांदामेटा इकलेहरा वार्ड नंबर 4 निवासी तनवीर उल्ला पिता तस्कीर उल्ला (45), परासिया चौकी मोहल्ला निवासी सोनिका पिता राजेन्द्र साहू (36) और बड़कुही वार्ड नंबर 4 निवासी संदेश पिता महेश सोनी (40) को गिरफ्तार किया है।
पांच मोबाइल और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 308(6), 61(2), 351(3) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सोशल मीडिया से लोगों को जाल में फंसाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक इस तरह की गैंग में शामिल महिलाएं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संपर्क करती हैं। इसके बाद उन्हें बातचीत के जरिए विश्वास में लेकर किसी एकांत स्थान पर बुलाया जाता है।
आरोप है कि वहां गैंग के अन्य सदस्य पहुंचकर अश्लील वीडियो बना लेते हैं। इसके बाद वीडियो वायरल करने या झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रुपए वसूलने का दबाव बनाया जाता है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल गैंग द्वारा पहले भी लोगों से अवैध वसूली किए जाने की जानकारी सामने आई है। रुपए नहीं देने पर फर्जी शिकायतों के जरिए दबाव बनाने की बात भी सामने आई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम होगी पुरस्कृत
पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को एसपी अजय पांडे ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है। कार्रवाई करने वाली टीम में टीआई गोविंद राजपूत, एसआई करिश्मा चौधरी, एएसआई संदीप राजपूत, राजेश रघुवंशी, आरक्षक सूरज चौहान, शेर सिंह, सौरभ बघेल, तरुण परतेती और उमेश उईके शामिल रहे। इसके अलावा कुंडीपुरा थाने से प्रधान आरक्षक रविन्द्र ठाकुर और जीवन रघुवंशी तथा साइबर टीम से नितिन और आदित्य ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।