छिंदवाड़ा स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंच गई कार, बड़ा हादसा टला

छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क

रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों के बीच गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार अचानक प्लेटफार्म नंबर-1 तक पहुंच गई। कार का एक पहिया प्लेटफार्म से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक की ओर चला गया।

घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि जिस समय कार प्लेटफार्म पर पहुंची, उस समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी। इससे बड़ा हादसा टल गया।

पार्सल ऑफिस की ओर से प्लेटफार्म तक पहुंची कार

आरपीएफ थाना प्रभारी उषा बिसेन के अनुसार शंकर नगर, लोनिया करबल निवासी 58 वर्षीय अजय कुमार कच्छ, पिता घनश्याम राम कच्छ, कार क्रमांक MP 28 ZH 5279 चला रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक कार को पार्सल ऑफिस की ओर से लगेज ले जाने वाले रास्ते से प्लेटफार्म नंबर-1 तक लेकर पहुंचा था। इसके बाद कार का एक पहिया ट्रैक नंबर-1 की ओर नीचे उतर गया।

यात्रियों और आरपीएफ जवानों ने कार निकाली

कार को प्लेटफार्म पर ट्रैक की तरफ फंसा देखकर मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों और यात्रियों ने तत्काल मदद शुरू की। सामूहिक प्रयास से कार को वापस प्लेटफार्म पर लाया गया।

इसके बाद कार को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। घटना के दौरान प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।

रेलवे अधिनियम की कई धाराओं में केस

आरपीएफ के अनुसार चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं 153, 147, 159, 146 और 145 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने, अनधिकृत प्रवेश, रेलवे के निर्देशों की अवहेलना, रेलवे सेवक के कार्य में बाधा और न्यूसेंस समेत अन्य आरोपों में कार्रवाई की जा रही है।

ट्रेन नहीं होने से टला बड़ा हादसा

घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि कार का पहिया रेलवे ट्रैक की ओर उतर गया था। अगर उसी समय कोई ट्रेन वहां से गुजरती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

फिलहाल आरपीएफ मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कार प्लेटफार्म तक पहुंचने वाले रास्ते से किस परिस्थिति में वहां पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *