तेज बहाव में फंसी सवारियों से भरी बस, चालक पर केस

सतना। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में बिधुई खुर्द रपटा पर तेज बहाव के बीच सवारियों से भरी बस फंस गई। रपटे के ऊपर कई फीट पानी बहने के बावजूद चालक ने बस को पार कराने का प्रयास किया।

गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे खजुरी से रामगढ़ की ओर जा रही बस क्रमांक MP 19 ZB 8999 में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे। तेज बहाव के बीच बस रपटा पार कर रही थी, तभी इंजन में पानी पहुंचने के बाद बस पुलिया के बीचोबीच बंद हो गई।

बस फंसते ही यात्रियों में मची चीख-पुकार

बस के तेज बहाव के बीच रपटा पर फंसने से यात्रियों में घबराहट फैल गई। मदद के लिए चीख-पुकार होने लगी। इसी दौरान चालक के मौके से चले जाने की बात सामने आई है।

पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। कई रपटों और पुलों के ऊपर पानी आने से रास्ते भी प्रभावित हुए हैं।

ट्रैक्टर से खींचकर बस को निकाला

बस फंसने की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए बस को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद बस में सवार यात्रियों को राहत मिली और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

बस के रपटे पर फंसने और रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया।

एसपी के निर्देश पर ताला थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ BNS की धारा 110 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइसेंस और परमिट की भी होगी जांच

पुलिस अब बस चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की फिटनेस और परमिट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने की तैयारी में है।

पुलिस की ओर से परिवहन विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश किए जाने की बात कही गई है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *