नर्मदा पुल से महिला ने लगाई छलांग, राहगीरों की सतर्कता से बची जान

डिंडौरी जिला मुख्यालय स्थित नर्मदा पुल पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देख तुरंत शोर मचाया। कुछ युवकों ने बिना देर किए नदी में उतरकर महिला तक पहुंचने का साहस दिखाया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गायत्री घाट के पास सुरक्षित निकाली गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को पुल से करीब 100 मीटर दूर गायत्री घाट के पास सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद वह लगातार रो रही थी और पारिवारिक विवाद से परेशान होने की बात कह रही थी। घटना के बाद घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एक दिन से लापता थी महिला

घटना की जानकारी मिलने के कुछ देर बाद महिला का ममेरा भाई मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि महिला एक दिन पहले से घर से लापता थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। बाद में वह महिला को अपने साथ घर ले गया।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से किया इनकार

घाट पर मौजूद महिलाओं ने महिला को समझाया और पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी, लेकिन महिला ने किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल महिला सुरक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *