युवती की फोटो पर अश्लील कमेंट, बीना रिफाइनरी से आरोपी गिरफ्तार

सतना। डिजिटल डेस्क

युवती के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने और उस पर आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने के मामले में नागौद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने साइबर सेल से मिले सुराग के आधार पर आरोपी को सागर जिले की बीना रिफाइनरी परिसर से पकड़ा।

युवती की शिकायत पर मामला दर्ज

पुलिस के मुताबिक, बीते दिनों एक युवती अपने परिजनों के साथ नागौद थाने पहुंची थी। उसने लिखित शिकायत में बताया कि उसके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई है। इस आईडी से आपत्तिजनक संदेश भी प्रसारित किए जा रहे थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 78 और आईटी एक्ट की धारा 66सी एवं 67ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

साइबर सेल से मिला सुराग

जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से पुलिस को आरोपी के संबंध में सुराग मिले। इसके बाद नागौद पुलिस की एक टीम सागर भेजी गई।

पुलिस टीम ने बीपीसीएल रिफाइनरी, बीना में नौकरी कर रहे वीरेन्द्र सिंह पुत्र रघुराज सिंह भदौरिया (28), निवासी उमरी को पकड़ा। इसके बाद आरोपी को नागौद लाया गया।

तीन मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन की जांच में मामले से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

पूछताछ के बाद बुधवार दोपहर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिलाषा नायक, साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह, एएसआई मुकेश सिंह, आरक्षक किशन सिंह और नरेन्द्र लोवंशी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *