सिवनी। डिजिटल डेस्क
शहर के कुचबुंदिया मोहल्ला गंज इलाके में अवैध कच्ची शराब निर्माण के खिलाफ रविवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। कोतवाली सहित छह थानों की पुलिस ने इलाके में एक साथ दबिश देकर करीब 5000 किलो महुआ लाहन नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान दो भट्टियों में शराब बनती मिली, जबकि आठ अन्य भट्टियों पर अवैध शराब निर्माण की तैयारी का सामान मिला।
पुलिस ने जमीन के भीतर ड्रम और डिब्बों में छिपाकर रखा गया महुआ लाहन बाहर निकाला और मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 400 डिब्बे, 20 ड्रम और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री को भी तहस-नहस किया गया।
रेलवे ट्रैक के किनारे जमीन में छिपा था लाहन
पुलिस टीम ने गंज इलाके में रेलवे ट्रैक के दोनों किनारों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के भीतर ड्रम और डिब्बों में भरकर छिपाया गया महुआ लाहन मिला।
पुलिस के अनुसार करीब 5000 किलो लाहन को बाहर निकालकर मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया गया। मौके पर शराब निर्माण के लिए तैयार की गईं कई भट्टियां भी मिलीं। इनमें दो भट्टियां धधकती हुई पाई गईं।
कार्रवाई के दौरान करीब 10 ड्रम और 400 डिब्बों सहित शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को नष्ट किया गया।
बाथरूम में छिपाकर रखी थी 60 लीटर कच्ची शराब
कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस को कुचबुंदिया मोहल्ले में एक घर में अवैध शराब रखे होने की सूचना मिली। पुलिस ने ललिता बाई मानाठाकुर के घर की जांच की।
घर के पीछे बने बाथरूम में 15-15 लीटर क्षमता के चार केन मिले। इनमें कुल 60 लीटर कच्ची शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ अवैध शराब बिक्री से जुड़े 30 से अधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज बताए गए हैं।
सुबह साढ़े चार बजे शुरू हुई कार्रवाई
एसपी कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई सुबह करीब साढ़े चार बजे शुरू हुई। एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम के नेतृत्व में अलग-अलग थानों की पुलिस टीम गंज क्षेत्र में पहुंची।
कार्रवाई में कोतवाली, लखनवाड़ा, डूंडासिवनी, बंडोल, महिला थाना और अजाक थाना सहित पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। करीब 70 पुलिसकर्मियों ने इलाके के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस की कार्रवाई सुबह करीब आठ बजे तक चली। तीन घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों को चिन्हित कर वहां मौजूद सामग्री को नष्ट किया गया।
चार ढाबों से 18 लीटर अवैध शराब जब्त
इधर, बंडोल थाना पुलिस ने शनिवार रात ढाबों में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने चार ढाबों की जांच की, जहां कच्ची और देशी शराब का अवैध रूप से विक्रय पाया गया।
पुलिस ने चारों स्थानों से कुल 18 लीटर अवैध कच्ची और देशी शराब जब्त की। मामले में चंद्रकुमार मर्सकोले, जगन्नाथ प्रजापति, सुनील अहिरवार और गनाराम यादव को गिरफ्तार किया गया है।
चारों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज
गंज क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं। एक ही अभियान में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन और शराब निर्माण सामग्री नष्ट किए जाने से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।