एक हाइवा का नंबर दूसरे पर इस्तेमाल, भदनपुर में खुला फर्जीवाड़ा

सतना। डिजिटल डेस्क

सिहोरा में चल रहे एक हाइवा का मैहर जिले के भदनपुर में टोल कटने और उसी वाहन नंबर से अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के नाम पर टीपी जारी होने का मामला सामने आया है। जांच में सामने आया कि दूसरे हाइवा पर कथित तौर पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल कर पत्थर की ढुलाई की जा रही थी। शिकायत के बाद बदेरा पुलिस ने वाहन जब्त कर जालसाजी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार जबलपुर के सिहोरा निवासी ट्रांसपोर्टर सुनील कुमार साहू ने अपनी पत्नी कल्पना साहू के नाम पर हाइवा क्रमांक एमपी 20 जेडएम 8529 खरीद रखा है। वाहन सिहोरा में ही लोडिंग-अनलोडिंग के काम में इस्तेमाल हो रहा था।

सिहोरा में खड़े हाइवा का भदनपुर में कटा टोल

सुनील के मोबाइल पर 18 अगस्त को उनके हाइवा का भदनपुर बैरियर पर टोल कटने का संदेश आया। उस समय उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसके बाद 12 सितंबर से इसी वाहन नंबर पर अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के नाम से लगातार टीपी जारी होने के संदेश आने लगे।

एक ही वाहन के सिहोरा में संचालित होने के बावजूद भदनपुर में टोल कटने और टीपी जारी होने से ट्रांसपोर्टर को संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई तो दूसरे वाहन द्वारा उनके हाइवा का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई।

दूसरे हाइवा पर इस्तेमाल हो रहा था नंबर

पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला कि कटनी जिले के अमोझ गांव निवासी सतीश कुमार काछी के हाइवा पर एमपी 20 जेडएम 8529 नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोप है कि इसी नंबर के आधार पर भदनपुर खदान से पत्थर की ढुलाई के लिए टीपी जारी कराई जा रही थी।

बताया गया कि सतीश के हाइवा का वास्तविक पंजीयन नंबर सीजी 04 क्यूए 9613 है। पुलिस के अनुसार वाहन की कई किस्तें बकाया थीं और फाइनेंस कंपनी की ओर से नोटिस भी जारी किए गए थे।

फाइनेंस कंपनी से बचने के लिए नंबर बदलने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फाइनेंस कंपनी की कार्रवाई से बचने के लिए सतीश अपने वाहन को कटनी से मैहर ले आया और दूसरे हाइवा का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल कर संचालन करने लगा।

इस दौरान भदनपुर में उसके वाहन से पत्थर की ढुलाई की जा रही थी। इसी वजह से सिहोरा में चल रहे वास्तविक हाइवा के मालिक के मोबाइल पर टोल और टीपी से जुड़े संदेश पहुंच रहे थे।

टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर पकड़ा हाइवा

मामले की जानकारी मिलने के बाद सुनील कुमार साहू ने बदेरा थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने डायल-112 स्टाफ के साथ भदनपुर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की और संबंधित हाइवा को पकड़ लिया।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर बदेरा थाना पुलिस ने जालसाजी का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दूसरे वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल कर कितने समय से टीपी जारी कराई जा रही थी और इस फर्जीवाड़े में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *