घुनवारा विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर से मारपीट, सरपंच पति समेत 4 पर केस

सतना जिले के अमदरा थाना क्षेत्र स्थित घुनवारा विद्युत सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर और उसके साथी के साथ कथित मारपीट एवं तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने सरपंच पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देर रात सब स्टेशन पहुंचे आरोपी

पुलिस के अनुसार, घुनवारा निवासी शारदा सोनी (33) और सोनवारी-मैहर निवासी जितेन्द्र साहू (35) बुधवार रात विद्युत सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 10:30 बजे सरपंच पति ओम साहू, सिन्टू साहू, सचिन चौधरी और लोकपाल बुंदेला वहां पहुंचे।

चारों ने गांव में बिजली बंद होने का कारण पूछा। ऑपरेटर ने बताया कि मैहर से हाईटेंशन (एचटी) लाइन की सप्लाई रोकी गई है, लेकिन आरोप है कि इससे नाराज होकर सभी ने ऑपरेटर और उसके साथी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

लॉगबुक फाड़ने का भी आरोप

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने सब स्टेशन में रखी आधिकारिक लॉगबुक भी फाड़ दी और काफी देर तक हंगामा किया। घटना के बाद चारों कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।

डायल-112 पर दी सूचना

घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने डायल-112 को सूचना दी और रात में अमदरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 296(बी), 332(सी), 221, 121(1), 132, 324(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कुछ समय तक बाधित रही बिजली आपूर्ति

घटना के चलते घुनवारा और आसपास के गांवों में कुछ समय तक विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *